जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित न्यू लेआउट इलाके में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ही घर में रहने वाले वृद्ध भाई-बहन ने असाध्य बीमारी और अकेलेपन से तंग आकर एक ही फंदे से झूलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतकों की पहचान 67 वर्षीय सरस्वती सरकार और उनके छोटे भाई 58 वर्षीय बलराम सरकार के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब सोमवार को घर से तेज दुर्गंध आने लगी। स्थानीय लोगों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सीतारामडेरा पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी निरंजन कुमार जब पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का दृश्य देख दंग रह गए। दोनों भाई-बहन एक ही पंखे के सहारे फंदे से लटके हुए थे।
शवों की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या 3 से 4 दिन पहले की गई है। सरस्वती लंबे समय से अस्वस्थ थीं। बीते 19 फरवरी को उन्होंने टाटा मेहरबाई कैंसर अस्पताल में जांच कराई थी, जिसमें उन्हें ‘ब्लड कैंसर’ होने की पुष्टि हुई। थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक दृष्टि में यह बीमारी और मानसिक तनाव के कारण किया गया सुसाइड का मामला लग रहा है।
