आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के समीप सोमवार रात दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अचानक चली गोलियों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार फायरिंग के दौरान 22 वर्षीय राजवीर सिंह को गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया जहां उसका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार अपराधकर्मी संजय सरकार के पुत्र शुभम सरकार पर फायरिंग करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने आशीष को निशाना बनाकर गोली चलाई थी लेकिन गोली राजवीर सिंह को जा लगी। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को कारण बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
