जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित गणेश पूजा मैदान में हिंदू जागरण मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक बलबीर मंडल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी हिंदू नव वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य शोभा यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि इस वर्ष हिंदू नव वर्ष की शोभा यात्रा हरिजन स्कूल से प्रारंभ होकर साकची आम बागान तक जाएगी। वहां सामूहिक आरती एवं मंगल कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
सांस्कृतिक झांकियों से गूंजेगा शहर…..
शोभा यात्रा में आकर्षक एवं सांस्कृतिक झांकियां शामिल रहेंगी। इन झांकियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, महापुरुषों के जीवन चरित्र एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाएगा। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, अखाड़ा प्रदर्शन, धार्मिक झांकियों, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ा एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शोभा यात्रा को भव्य स्वरूप देने पर सहमति बनी।
भव्य सजावट और स्वागत की तैयारी……
बैठक में निर्णय लिया गया कि हिंदू नव वर्ष को ऐतिहासिक बनाने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। शोभा यात्रा मार्ग को भगवा ध्वज एवं धार्मिक पताकाओं से सजाया जाएगा तथा कई स्थानों पर पुष्प वर्षा एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवाओं, महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
नागरिकों से सहभागिता की अपील……
मंच की ओर से शहर की सभी पूजा समितियों, अखाड़ा समितियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवा मंडलों तथा आम नागरिकों से इस पावन अवसर पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई। साथ ही श्रद्धालुओं से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर दीप प्रज्ज्वलित करने, भगवा ध्वज लगाने और रंगोली सजाकर हिंदू नव वर्ष का स्वागत करने का आग्रह किया गया।

बैठक में शिव शंकर सिंह, अनिल सिंह, अप्पू तिवारी, चिंटू सिंह, भूपेंदर सिंह, अमित अग्रवाल, पप्पू उपाध्याय, सतीश मुखी, प्रकाश दुबे, कुसुम पूर्ति, ममता भूमिज, सावन मुखी, किरण सावन, सतीश रामूराव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि इस वर्ष की शोभा यात्रा पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक भव्य और ऐतिहासिक होगी।
