जमशेदपुर : शहर के पुराना कोर्ट परिसर में ह्यूमन राइट्स मिशन की ओर से होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रंगों के इस पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया। समारोह के दौरान हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मिशन के केंद्रीय चेयरमैन डॉ. जयराम दास के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जोहर जन सेवक पार्टी एवं जनसेना पार्टी से जुड़े अधिवक्ता भी शामिल हुए। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी भेदभाव, ऊंच-नीच और मनमुटाव को भुलाकर गले मिलने का पर्व है। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं। रंगों के माध्यम से सभी ने यह संदेश दिया कि विविधता में एकता ही भारत की पहचान है. समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देश में सुख-शांति और आपसी सौहार्द की कामना की।
