रांची : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनके बल्ले से निकले छक्के नहीं, बल्कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है। मामला उनके होमटाउन रांची का है, जहां ओवरस्पीडिंग के आरोप में उनका चालान काटा गया है।
जानकारी के अनुसार 1 मार्च को कांके रिंग रोड स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के पास लगे ऑटोमैटिक ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम ने उनकी लग्जरी कार को निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार में रिकॉर्ड किया। उस इलाके में स्पीड लिमिट 60 किलोमीटर प्रति घंटा तय है, जबकि वाहन 91 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलता पाया गया।
ओवरस्पीडिंग के इस मामले में ट्रैफिक विभाग ने नियमों के तहत 1,000 रुपये का ई-चालान जारी किया है। पूरी कार्रवाई कैमरों के जरिए स्वतः की गई और बाद में संबंधित पते पर चालान भेजा गया। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि कानून सबके लिए समान है, चाहे आम नागरिक हो या कोई बड़ी हस्ती। फिलहाल इस मामले में धोनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन शहर में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।
