झरिया : धनाबाद के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बस्ताकोला में रविवार को एक प्लाई गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा लाखों रुपये का प्लाई जलकर राख हो गया। घटना में राजू अग्रवाल समेत तीन लोग झुलस गए, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर फटने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
आग की चपेट में आने से एक मवेशी के झुलसने की भी सूचना मिल रही है, जबकि अन्य मवेशियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी रहीं। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास जारी है।
