जमशेदपुर : पंजाब के गुरदासपुर जिले में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड की जांच के सिलसिले में पंजाब पुलिस की टीम जमशेदपुर पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने दस नंबर बस्ती, सुखिया रोड और विजयनगर समेत कई इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. पुलिस ने सुखिया रोड स्थित एक आवास और विजयनगर की एक मेडिकल दुकान समेत अन्य स्थानों पर तलाशी ली। कार्रवाई का उद्देश्य हत्याकांड के फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों और उनके संपर्कों का पता लगाना था।

जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 को गुरदासपुर के काहनूवान थाना क्षेत्र के नैनेकोट गांव में संपत्ति विवाद को लेकर अजायब सिंह और उनकी पत्नी कमल कौर की हत्या कर दी गई थी। मामले में अमरजीत सिंह उर्फ अंबे, मनप्रीत कौर, तरसेम सिंह और हरजोत सिंह को आरोपी बनाया गया है। इनमें दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि तरसेम सिंह और हरजोत सिंह फरार बताए जा रहे हैं. जांच में फरार आरोपियों के जमशेदपुर से संभावित संपर्क सामने आने के बाद पंजाब पुलिस ने यह कार्रवाई की। फिलहाल छापेमारी में किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
