जमशेदपुर : कपाली इलाके में एक बार फिर कथित मेडिकल लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। 16 वर्षीय रेयान आलम की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने डॉक्टर बदर अशरफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं।



ऑपरेशन से पहले ही बिगड़ी हालत……
मृतक के पिता महमूद आलम के अनुसार, 26 मार्च की सुबह करीब 8:30 बजे रेयान खुद अपनी मां को बाइक से लेकर डॉक्टर बदर अशरफ के क्लिनिक पहुंचा था। उसे अपेंडिक्स की समस्या थी और इसी क्लिनिक में ऑपरेशन होना था।
परिजनों का आरोप है कि जैसे ही रेयान को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया, बाहर से आए एक डॉक्टर ने उसे एनेस्थीसिया का इंजेक्शन दिया। इंजेक्शन लगते ही उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी सांसें थमने लगीं।
पंप करने के बावजूद नहीं लौटी जान…..
आरोप है कि डॉक्टर ने उसे बचाने की कोशिश में पंप किया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। हालत गंभीर देख आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल……
परिजनों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है — इससे पहले भी इसी क्लिनिक में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में उन्होंने सीधे तौर पर इसे डॉक्टर की लापरवाही बताया है।
गुस्से में परिजन, लाइसेंस रद्द करने की मांग……
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने दोषी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और क्लिनिक का लाइसेंस रद्द करने की मांग की है।
9 वीं का होनहार छात्र था रेयान…..
मृतक रेयान आलम APJ कलाम स्कूल का क्लास 9वीं का छात्र था। उसकी असमय मौत से स्कूल और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
अब सवालों के घेरे में पूरा सिस्टम…….
इस दर्दनाक घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और निजी क्लिनिकों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।



