जमशेदपुर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जुगसलाई थाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गरीब नवाज कॉलोनी के समीप खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के बेसमेंट के पास छापेमारी कर एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. नौशाद के रूप में हुई है, जो गरीब नवाज कॉलोनी का ही निवासी बताया जा रहा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर एक युवक नशीले पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और स्कूटी सवार आरोपी को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 5.35 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन तथा एक स्कूटी बरामद की गई। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है. इस संबंध में जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
