रांची : राजधानी में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए। मंगलवार को पंडरा थाना क्षेत्र स्थित ओटीसी ग्राउंड के पास दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बाइक सवार बदमाशों ने एक जमीन कारोबारी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और मौके से फरार हो गए।

















घायल कारोबारी की पहचान भार्गव सिंह के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब भार्गव सिंह मंदिर में पूजा-अर्चना कर लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन हमलावरों ने पीछे से उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे, जबकि हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के एंगल से भी मामले की पड़ताल की जा रही है।
इस दुस्साहसिक वारदात ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस हर पहलू पर गहन जांच में जुटी है।
