जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पब्लिक हेल्थ सेंटर के एक कर्मचारी ने अपने ही कार्यालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान धतकीडीह हरिजन बस्ती निवासी मेघु मुखी (45) के रूप में हुई है।


















प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेघु मुखी बिस्टुपुर के नॉर्दन टाउन स्थित पब्लिक हेल्थ सेंटर में फॉगिंग मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि उसने ड्यूटी के दौरान ही कार्यालय के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए, जिससे माहौल गहमागहमी भरा रहा। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिससे तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों को अंदर जाने से रोक दिया गया। मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर संबंधित अधिकारियों ने चुप्पी साध ली, जिससे पूरे मामले पर रहस्य और गहरा गया है। अधिकारियों की इस चुप्पी ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
