लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : शहर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात रफ्तार का ऐसा खौफनाक खेल देखने को मिला, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। छप्पन भोग के समीप एक सफेद रंग की चारपहिया WINDSOR (ODO1BC3339) अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से जोरदार टकराई, फिर सामने से आ रही दोपहिया वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।



इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों में से एक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा युवक मामूली रूप से जख्मी हुआ है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोपहिया वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद भी कार की रफ्तार थमी नहीं और वह सीधे एक शोरूम में जा टकराया. टक्कर से शोरूम का शीशा चकनाचूर हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की गति बेहद तेज थी, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि आखिर चालक किस रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। गनीमत रही कि घटना के वक्त सड़क पर भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. बताया जा रहा है कि कार में एक दंपति सवार थे, जिन्हें सीने और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद दंपति के परिचितों को बुलाया गया और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घटना का समय रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश जारी है।
रफ्तार पर लगाम कब?…..
लगातार हो रहे सड़क हादसे यह सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आखिर शहर में तेज रफ्तार पर लगाम कब लगेगी। नियमों की अनदेखी और लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।
