जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के कृष्णा रोड में शुक्रवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल पिता का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी निशांत सिंह ने रात करीब 10 बजे अपने पिता करण सिंह पर चापड़ से कई वार किए। हमले के दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को जमीन पर पड़ा देखा। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आरोपी युवक को काबू में कर पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल करण सिंह को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।



पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी निशांत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान वह बार-बार यह कह रहा है कि उसने अपने पिता को भूत समझकर हमला किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
