जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस क्रम में उपायुक्त राजीव रंजन ने अपने आवासीय कार्यालय में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं पंजीकरण कर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की।



इस अवसर पर उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी निभाने और जिम्मेदारीपूर्वक अपने विवरण दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है, जिससे सरकारी योजनाओं को सही लाभार्थियों तक पहुंचाने में सहायता मिलती है।
जनगणना अधिकारी सह जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मोजाहिद अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण के तहत 1 मई से 15 मई तक स्व-गणना का कार्य चलेगा। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य संपन्न किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक कर्मी घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगे. जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करते हुए सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि विकास योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंच सके।
