जमशेदपुर : शहर में साइबर ठगों ने अब इंसान की मजबूरी और गंभीर बीमारी को भी अपना हथियार बना लिया है। उलीडीह थाना क्षेत्र निवासी रौनक सिंह चौहान से एयर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के नाम पर 8 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश और शोक का माहौल है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार रौनक सिंह के रिश्तेदार मोहन सिंह को गंभीर अवस्था में टाटा मेन हॉस्पिटल के सीसीयू में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हैदराबाद रेफर किया था। जल्दबाजी में परिजन गूगल पर एयर एम्बुलेंस सेवा की तलाश करने लगे, जहां उनकी बातचीत वेदांत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी से हुई।
कंपनी ने 8 लाख रुपये में एयर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजनों ने पूरी राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। भुगतान के बाद कंपनी की ओर से लगातार बहानेबाजी शुरू हो गई और समय पर एयर एम्बुलेंस नहीं पहुंची। इलाज में देरी के कारण उसी दिन मरीज की मौत हो गई. बाद में आरोपियों ने पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन कुछ समय बाद संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया। पीड़ित ने बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
