जमशेदपुर : ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर दंपति समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 175 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसका वजन 26.84 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी है।



रविवार को एसएसपी पीयूष पांडेय ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में ब्राउन शुगर की सप्लाई और बिक्री का काम करते थे।
पुलिस के अनुसार बर्मामाइंस थाना क्षेत्र से संतोष सिंह एवं उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। वहीं गोविंदपुर थाना क्षेत्र से गौरव कुमार उर्फ अमर और अमित कुमार को पकड़ा गया, जिनके पास से 39 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली। इसके अलावा मानगो क्षेत्र से मुख्य सप्लायर संजय गोस्वामी को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 12 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और ये एक बड़े अंतरजिला ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र से 16.50 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की गई थी। जांच में गिरफ्तार आरोपियों के तार भी उसी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, कपाली क्षेत्र से ही ब्राउन शुगर लाकर जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में नशेड़ियों के बीच इसकी बिक्री की जाती थी। मामले में अन्य कई लोगों की संलिप्तता सामने आई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. एसएसपी ने कहा कि पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और ड्रग तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
