Lजमशेदपुर : एग्रीको हेल्थ एसोसिएशन की ओर से आयोजित 14वें समर कैंप का भव्य शुभारंभ मंगलवार सुबह एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अभिषेक अग्रवाल “गोल्डी” (अध्यक्ष, पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन) एवं कैंप चेयरमैन गोपाल अग्रवाल ने बैलून उड़ाकर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।



समर कैंप में लगभग 500 से अधिक बच्चों ने जुंबा डांस, व्यायाम एवं विभिन्न शारीरिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों का उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। उपस्थित अभिभावकों ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
आयोजकों ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देना है। कैंप के माध्यम से बच्चों को फिटनेस, अनुशासन, सामूहिक सहभागिता एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए लगभग 60 प्रशिक्षित एवं अनुभवी प्रशिक्षक बच्चों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को विभिन्न खेल, फिटनेस एक्टिविटी एवं रचनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है।
आयोजकों के अनुसार, अपनी बेहतर व्यवस्था, मनोरंजक गतिविधियों एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास की सोच के कारण यह समर कैंप एग्रीको क्षेत्र में बच्चों और अभिभावकों के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों के बीच हेल्थ ड्रिंक एवं पौष्टिक नाश्ते का वितरण किया गया।



