रामगढ़ : रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरका बुधबाजार में कथित सेक्स रैकेट संचालित होने की सूचना पर गुरुवार शाम पुलिस ने छापेमारी कर कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस सभी से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से एक घर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। इसे लेकर स्थानीय ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही थी। ग्रामीणों का आरोप था कि इलाके में अवैध गतिविधियां खुलेआम चल रही थीं, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा था।



शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना रामगढ़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित घर में छापेमारी कर जांच-पड़ताल शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वहां मौजूद कुछ युवक एवं युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस उस घर की महिला संचालक और उसकी बेटी से भी पूछताछ कर रही है, जहां कथित रूप से सेक्स रैकेट संचालित होने का आरोप लगाया गया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
रामगढ़ थाना पुलिस के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. घटना के बाद सिरका बुधबाजार क्षेत्र में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने और नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है।



