जमशेदपुर : रोजगार के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के सात विद्यार्थियों ने बेंगलुरु की प्रतिष्ठित कंपनी मैकफॉक्स में चयनित होकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित विशेष रिक्रूटमेंट ड्राइव में इंजीनियरिंग और प्रबंधन विभाग के विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिसमें सात प्रतिभाशाली छात्रों का चयन किया गया।



कड़े चयन मानदंडों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद छात्र-छात्राओं का चयन बेंगलुरु स्थित कार्यस्थल के लिए पूर्णकालिक रोजगार के रूप में किया गया है। कंपनी की ओर से चयनित विद्यार्थियों को डीईटी (डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी) और जीईटी (ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह अवसर विशेष रूप से मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा सेल्स एंड मार्केटिंग स्ट्रीम के विद्यार्थियों के लिए रहा।
चयनित विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज के साथ कंपनी की ओर से सिंगल अकोमोडेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस अतिरिक्त सुविधा से छात्र और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया में बीटेक, डिप्लोमा और एमबीए के विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने इसे संस्थान की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है कि प्रत्येक विद्यार्थी को करियर के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य को नई ऊंचाई देना है। मैकफॉक्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में सात छात्रों का चयन इसी विजन को दर्शाता है।
वहीं कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंजीनियरिंग और एमबीए के छात्रों का एक साथ डीईटी और जीईटी जैसी कोर भूमिकाओं के लिए चयनित होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु जैसे तकनीकी केंद्र में करियर की शुरुआत करना छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
कैंपस में इस सफलता के बाद चयनित छात्रों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। कंपनी जल्द ही सभी सफल उम्मीदवारों को औपचारिक जॉइनिंग प्रक्रिया के लिए आमंत्रित करेगी।



