आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान नगर क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट, सीवरेज व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता व्यवस्था तथा समग्र विकास के लिए आवश्यक फंड उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।



मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि जलापूर्ति योजना का कार्य कर रही एजेंसी जिंदल की लापरवाही के कारण आदित्यपुर की जनता लंबे समय से पेयजल संकट का सामना कर रही है। बताया गया कि योजना को निर्धारित 30 माह की अवधि में पूरा किया जाना था, लेकिन करीब छह वर्ष बीत जाने के बावजूद कार्य अब तक अधूरा है। इसका सीधा असर आम नागरिकों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है।
मुलाकात के दौरान नगर क्षेत्र की सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने, बंद एवं खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने तथा नगर निगम क्षेत्र के समुचित विकास के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल करते हुए समाधान का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने नगर विकास सह आवास, खेल, कला एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, आवास बोर्ड सह सूडा निदेशक सूरज कुमार तथा नगर विकास विभाग के सचिव सुनील कुमार से भी मुलाकात की। इस दौरान आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अब प्राथमिक लक्ष्य आदित्यपुर की जनता को बेहतर पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि नगर क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और विकास कार्यों में तेजी आए।



