जमशेदपुर: शहर के टेल्को इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। जियो फाइबर कनेक्शन लगाने में हुई देरी को लेकर एक युवक के साथ कथित तौर पर बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है. पीड़ित युवक की पहचान मोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने पहले मोहित को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया, फिर उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि युवक के चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में युवक किसी तरह वहां से निकला।



पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसके पास से 10 हजार रुपये से ज्यादा की रकम भी छीन ली। इतना ही नहीं, मारपीट के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद युवक काफी डरा-सहमा हुआ है। सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है। अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती दबंगई, निजी विवादों में हिंसा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मामूली विवाद को लेकर किसी युवक को बंधक बनाकर पीटना कहां तक जायज है? पुलिस यदि मामले की निष्पक्ष जांच करती है तो कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं।



