जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर मंगलवार को मानगो की मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने Tata Steel के प्रबंध निदेशक टी वी नरेंद्रन से शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक में मानगो को स्मार्ट, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई तथा विभिन्न विकास योजनाओं पर सहमति बनी।



बैठक में सुरक्षित मानगो अभियान के तहत मानगो के विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करने पर सहमति बनी, ताकि अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जा सके। इसके अलावा मानगो चौक से डिमना चौक तक मुख्य सड़कों पर नाली निर्माण और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई, जिससे जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।
ग्रीन मानगो की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए पृथ्वी पार्क और नेचर पार्क के सौंदर्यीकरण तथा दोनों स्थानों पर ओपन जिम निर्माण का कार्य Tata Steel के सहयोग से कराने पर सहमति बनी। वहीं डिमना चौक के आगे नगर निगम द्वारा प्रस्तावित वेंडर जोन के निर्माण में भी Tata Steel सहयोग करेगी, जिससे छोटे दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा तथा यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
बैठक में एमजीएम अस्पताल के समीप खाली भूमि पर पार्क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से [Tata Steel Foundation के सहयोग से रोजगार उन्मुख कार्ययोजना तैयार करने पर भी सहमति बनी।
इसके अतिरिक्त कांग्रेस कार्यालय निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने, मानगो छोटा पुल के मरम्मत कार्य तथा एमजीएम चौक से गोकुल नगर और डिमना के तटीय क्षेत्रों में सेंट्रल बर्ज निर्माण, सड़क-नाली निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराने पर भी चर्चा हुई। इन कार्यों के रखरखाव एवं साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी Tata Steel द्वारा निभाई जाएगी।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि Tata Steel का सहयोग मानगो को आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित शहरी क्षेत्र बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। वहीं बन्ना गुप्ता ने इस पहल को मानगो के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सभी योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा. बैठक में Tata Steel के वीपी सीएस डी बी सुंदरारमन समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।



