पटना : बिहार की राजधानी पटना के एक होटल में छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और दरिंदगी की कोशिश के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने बिहार सरकार को आड़े हाथों लिया है और राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पप्पू यादव ने बेहद तल्ख लहजे में कहा कि यदि सरकार हमारी बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकती, तो सरकार को “हर पिता को हथियार का लाइसेंस दे देना चाहिए” ताकि वे खुद अपनी बेटियों की रक्षा कर सकें। सांसद ने अपराधियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए “बुलडोजर एक्शन” की भी वकालत की है।



उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उनके मन से कानून का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। इस घटना के बाद से राज्य का सियासी पारा चढ़ गया है। विपक्ष जहां इस मुद्दे पर सरकार को पूरी तरह घेर रहा है, वहीं सत्ता पक्ष का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।



