Lरांची : झारखंड कैडर के छह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अधीन कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों को आईजी (IG) एवं समकक्ष पदों पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए इम्पैनल किया गया है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है।



जानकारी के अनुसार गृह मंत्रालय द्वारा 9 अप्रैल 2026 को भेजे गए प्रस्ताव पर विचार के बाद कुल 68 आईपीएस अधिकारियों के नामों को मंजूरी दी गई, जबकि 55 अधिकारियों के नाम खारिज कर दिए गए। वहीं छह अधिकारियों के मामलों पर फिलहाल निर्णय लंबित रखा गया है।
इस प्रक्रिया में वर्ष 2008 बैच के आईपीएस अधिकारियों के लिए प्रोविजनल कट-ऑफ स्कोर 8.76 निर्धारित किया गया था। झारखंड कैडर से जिन अधिकारियों को केंद्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया है, उनमें 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी अखिलेश कुमार झा, मयूर पटेल कन्हैयालाल और राकेश बंसल शामिल हैं। इसके अलावा 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी अनीश गुप्ता, एम तमिलवानन और अजय लिंडा को भी इम्पैनल किया गया है।
केंद्र में इम्पैनल होना किसी भी आईपीएस अधिकारी के करियर की बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। इसके तहत अधिकारियों को केंद्रीय एजेंसियों, सुरक्षा संगठनों और अहम प्रशासनिक पदों पर कार्य करने का अवसर मिलता है।
माना जा रहा है कि इन अधिकारियों के अनुभव, प्रशासनिक क्षमता और कार्यशैली को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। झारखंड कैडर के अधिकारियों को मिली इस उपलब्धि को राज्य पुलिस महकमे के लिए भी गौरवपूर्ण माना जा रहा है। इससे राज्य के अधिकारियों की कार्यकुशलता और प्रशासनिक अनुभव को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



