जमशेदपुर : बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बर्मामाइंस थाना पुलिस द्वारा थाना प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल ने थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों एवं बस्तियों में गश्त कर लोगों को शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।



फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए कहा कि बकरीद प्रेम, भाईचारे और खुशियों का पर्व है, जिसे सभी समुदायों को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से मनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। किसी भी असामाजिक तत्व अथवा असंवैधानिक गतिविधि को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि बकरीद पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।



