जमशेदपुर : शहर में फोर्स की वर्दी पहनकर बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए टेल्को पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नामदा बस्ती निवासी शुभम कुमार उर्फ छोटे के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी मो. राजु उर्फ जीवन बनर्जी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 58,130 रुपये नकद, ताला काटने वाला कटर, अन्य चोरी के औजार तथा फोर्स की वर्दी बरामद की है। मामले का खुलासा बुधवार को एसएसपी कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी ललित मीणा ने किया।
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिलटॉप स्कूल के समीप एक बंद मकान के बाहर एक युवक बाइक लेकर खड़ा है और मकान के भीतर से ताला काटने की आवाज आ रही है। सूचना मिलते ही टेल्को थाना के पुलिस पदाधिकारी सोहन लाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो मो. राजु भागने में सफल रहा, जबकि शुभम कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह बंद मकानों को चिन्हित कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। मंगलवार रात भी दोनों आरोपी चोरी की नीयत से बंद घर में घुसे थे। पुलिस के अनुसार शुभम फोर्स की वर्दी पहनकर कई चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। हाल के दिनों में सीतारामडेरा और बिरसानगर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता सामने आयी है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।



