जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में बुधवार शाम छिनतई की एक घटना के बाद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया। शंकरपुर स्थित विद्यासागर पाली मेन रोड पर एक महिला से पर्स छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर दबोच लिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई. मिली जानकारी के अनुसार शंकरपुर गोबरा टोला निवासी सुनीता वर्मा अपने घर से विद्यासागर पाली की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गया। महिला ने आरोपी की पहचान शंकरपुर निवासी सूरज श्रीवास्तव उर्फ मार्कण्डेय के रूप में की है।



पीछा कर गांधी मैदान के पास पकड़ा गया आरोपी……
घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग सक्रिय हो गए और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने गांधी मैदान के समीप उसे पकड़ लिया। लोगों का आरोप है कि तलाशी के दौरान महिला का मोबाइल फोन भी आरोपी के पास से बरामद हुआ। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।
बैग में मोबाइल, नकदी और घर की चाबी थी…..
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने सिर पर टोपी पहन रखी थी और चेहरा आंशिक रूप से ढका हुआ था। सुनसान स्थान का फायदा उठाकर उसने उनका बैग छीन लिया। बैग में एक रियलमी मोबाइल फोन, लगभग दो हजार रुपये नकद तथा घर की चाबी रखी हुई थी।
आरोपी पर पहले भी लगे हैं आरोप……
झामुमो के मध्य सरजमदा पंचायत अध्यक्ष विमल पाल ने आरोप लगाया कि पकड़ा गया युवक पूर्व में भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी गाड़ी जलाने के मामले में भी आरोपी के खिलाफ परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा आरोपी के नशे का आदी होने तथा चोरी की घटनाओं में पूर्व में भी नाम आने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस कर रही पूछताछ…..
घटना की सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



