कोडरमा : सतगांवां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में गुरुवार को एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शादी से कुछ घंटे पहले ही घर में गैस सिलेंडर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में शादी के लिए रखे कपड़े, नकदी समेत आवश्यक सामान जलकर खाक हो गया।



जानकारी के अनुसार, माधोपुर निवासी दिलीप शर्मा की बड़ी पुत्री अंजली की गुरुवार शाम शादी निर्धारित थी। घर में सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं और मेहमानों की आवाजाही से माहौल उत्सवमय बना हुआ था। इसी बीच सुबह मेहमानों के लिए चाय बनाने के दौरान हादसा हो गया।
बताया जाता है कि हलवाई द्वारा गैस सिलेंडर का रेगुलेटर चालू कर माचिस जलाते ही गैस रिसाव के कारण आग की चिंगारी सिलेंडर तक पहुंच गई, जिससे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक शादी का जोड़ा, दूल्हे का सूट, मेहमानों के लिए खरीदे गए नए कपड़े और लगभग 20 हजार रुपये नकद जलकर राख हो चुके थे।
इस अप्रत्याशित घटना से परिवार गहरे सदमे में है और शादी की खुशियों पर पानी फिर गया है। हालांकि, इस कठिन घड़ी में गांव और आसपास के लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। परिजनों ने भी आसपास के लोगों से कर्ज लेकर दोबारा आवश्यक सामान जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. शाम में बारात के आगमन को देखते हुए परिजन हर संभव प्रयास कर शादी की रस्में संपन्न कराने में जुटे हुए हैं।
