जमशेदपुर : बिष्टुपुर डायगनल रोड में शनिवार दोपहर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। हल्की सड़क दुर्घटना के बाद एक युवक ने बुजुर्ग को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर करीब तीन घंटे तक शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाया और उनके परिजनों से 36 हजार रुपये की मांग की। बाद में आरोपी बुजुर्ग को टिनप्लेट चौक पर छोड़कर फरार हो गया।



जानकारी के अनुसार, सोनारी रोड नंबर-2 निवासी और टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मी पुरनेंद्र कुमार मोहंती दोपहर करीब 12:45 बजे टीएमएच से इलाज कराने के बाद बिष्टुपुर दवा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की एक बुलेट से हल्की टक्कर हो गई। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत करा दिया।
आरोप है कि कुछ देर बाद वही युवक उन्हें रास्ते में रोककर भदानी टावर के पास ले गया। वहां उसने मोहंती का मोबाइल छीन लिया और उनकी बाइक वहीं खड़ी कर जबरन उन्हें अपनी बुलेट पर बैठा लिया। इसके बाद वह शहर के अलग-अलग इलाकों में करीब तीन घंटे तक घुमाता रहा।
इस दौरान आरोपी ने मोहंती के बेटे निरूप मोहंती को फोन कर 36 हजार रुपये की मांग की और अलग-अलग जगह बुलाता रहा। तीन घंटे बाद वह पुरनेंद्र मोहंती को टिनप्लेट चौक पर छोड़कर फरार हो गया। वहां से मोहंती टेंपो से साकची पहुंचे।
निरूप मोहंती ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम राहुल सिंह बताया था। वह कमर में शराब की बोतल लेकर घूम रहा था और शराब पीते हुए बाइक चला रहा था। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
