अहमदाबाद के निकोल थाना क्षेत्र का मामला, आरोपी सहपाठी के खिलाफ FIR, पुलिस तलाश में जुटी
अहमदाबाद : निकोल थाना क्षेत्र में एक निजी विश्वविद्यालय की छात्रा ने अपने सहपाठी पर शादी का भरोसा देकर कथित तौर पर दुष्कर्म करने, अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने और अपनी बड़ी बहन के सोने के आभूषण लेने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने अमराईवाड़ी निवासी हार्दिक पंचाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

प्रेम संबंध के बाद शादी का भरोसा देने का आरोप……
पुलिस के अनुसार, छात्रा की दिसंबर 2025 में हार्दिक पंचाल से मुलाकात हुई थी। दोनों एक ही कक्षा में पढ़ते थे और धीरे-धीरे उनके बीच दोस्ती के बाद प्रेम संबंध बन गए। छात्रा का आरोप है कि हार्दिक ने उसे बताया था कि उसने अपने पिता को उनके रिश्ते के बारे में बता दिया है और जल्द ही दोनों शादी करेंगे. शिकायत के मुताबिक, इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी मार्च में छात्रा को एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। छात्रा ने आरोप लगाया कि इसके बाद भी आरोपी उसे अलग-अलग होटलों में ले जाता रहा और शादी का भरोसा देकर उसकी मर्जी के खिलाफ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पैसे नहीं देने पर अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी…….
शिकायत में छात्रा ने बताया कि कुछ समय बाद हार्दिक ने अपने पिता अशोक पंचाल के टेक्सटाइल कारोबार में नुकसान होने की बात कहते हुए उससे आर्थिक मदद मांगी। छात्रा के पैसे देने से इनकार करने के बाद आरोपी के व्यवहार में कथित तौर पर बदलाव आया। आरोप है कि उसने छात्रा को उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया. पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, धमकी से डरकर छात्रा ने 7 जून से 12 अगस्त के बीच अपने घर के लॉकर में रखी बड़ी बहन की सोने की ज्वेलरी आरोपी को दे दी। इन आभूषणों का कुल वजन 144.51 ग्राम और कीमत 14 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। छात्रा का आरोप है कि हार्दिक ने भरोसा दिलाया था कि वह इसी डिजाइन के नए आभूषण बनवाकर वापस कर देगा।
बहन के घर आने पर खुला मामला……
मामला तब सामने आया जब छात्रा की बड़ी बहन अपने ससुराल से घर लौटी और लॉकर में रखे सोने के आभूषण गायब मिले। इसके बाद छात्रा के पिता ने उससे पूछताछ की। बताया गया है कि छात्रा के पिता प्लंबर का काम करते हैं। पूछताछ के दौरान छात्रा ने गहने हार्दिक को देने की बात बताई. इसके बाद छात्रा के पिता ने हार्दिक से फोन पर संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसके माता-पिता से भी बात की। शिकायत के अनुसार, बाद में हार्दिक ने छात्रा से कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं और वह उसी डिजाइन के गहने बनवाकर वापस नहीं कर सकता।
दोबारा धमकी देने का आरोप…..
आभूषण वापस करने का दबाव बनाए जाने पर आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा को फिर धमकाया। आरोप है कि हार्दिक ने कहा कि यदि उसने गहनों को लेकर उसे परेशान किया तो उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। लगातार धमकियों से छात्रा डर गई, लेकिन बाद में उसने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज…….
निकोल थाने के इंस्पेक्टर एसए देसाई के अनुसार, शिकायत के आधार पर हार्दिक पंचाल के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने BNS की धारा 65(2)(m), 316(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित पंचनामा किया है और पीड़िता के मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया भी की जा रही है।
पुलिस मामले में कथित दुष्कर्म, धमकी, आभूषणों के लेनदेन और आर्थिक पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।



























































