नई दिल्ली : राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक संवेदनशील मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े एक कथित मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रारंभिक पड़ताल में देशभर में करीब 600 ऐसे लोगों की पहचान हुई है, जो किसी न किसी माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे। एजेंसियां इन सभी व्यक्तियों की गतिविधियों, संपर्क सूत्रों और संभावित भूमिका की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में अपनी पहुंच बढ़ा रहा था।
स्पेशल सेल की जांच में मुंबई के कुर्ला निवासी साजिद महबूब शेख उर्फ अरबाज खान तथा मुंब्रा निवासी तौकीर रिजवान शेख की संलिप्तता सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर दिल्ली लाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों संदिग्धों को राजधानी पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जहां उन्हें आगे की जिम्मेदारियां और टारगेट सौंपे जाने थे।
जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों की दिल्ली यात्रा और अन्य गतिविधियों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई थी। अब सुरक्षा एजेंसियां फंडिंग के स्रोत, धन पहुंचाने वाले नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।
मामले की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई के कुर्ला और मुंब्रा इलाकों में भी छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय मानते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क की वास्तविक पहुंच, उद्देश्य और इसके पीछे सक्रिय लोगों की भूमिका का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।



