बिहार : बिहार के सीवान जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित ढाला इलाके में गुरुवार को रोड रेज की एक मामूली घटना ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। हौसला बुलंद बदमाशों ने कथित तौर पर पूर्व एमएलसी और भाजपा नेता मनोज सिंह के रिश्तेदारों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में उनके भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।



कैसे हुआ विवाद….
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह अपने पुत्र हर्ष के साथ सड़क किनारे कार खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार उनकी गाड़ी से सट गई। गाड़ी में खरोंच आने पर चंदन सिंह ने दूसरी कार के चालक को टोका, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
अचानक शुरू हुई फायरिंग…..
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के दौरान कार सवार बदमाशों ने अचानक हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से चंदन सिंह और उनका पुत्र हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में बेटे की मौत, पिता की हालत नाजुक……
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया। चंदन सिंह का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
जांच में जुटी POLICE…..
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल…..
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। लगातार बढ़ती रोड रेज की घटनाएं अब जानलेवा होती जा रही हैं, जिस पर सख्त नियंत्रण की मांग उठ रही है।
