मुर्शिदाबाद : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सालार थाना क्षेत्र के खरेरा गांव में रविवार देर रात जुए के अड्डे पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर देसी बम से हमला कर दिया गया। घटना में एक एएसआई समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल ASI सादेक अली को बहरामपुर स्थित मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जुए के अड्डे की सूचना पर टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर देसी बम फेंकना शुरू कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस व ग्रामीणों के बीच टकराव हुआ। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. सूचना पर एसपी सचिन मक्कड़ मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस पर घरों में तोड़फोड़ का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
