जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आरडी टाटा गोलचक्कर के पास सड़क दुर्घटना के बाद हुए हंगामे और सड़क जाम मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने इस प्रकरण में 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क को जाम कर यातायात व्यवस्था बाधित की तथा सरकारी कार्य में अवरोध उत्पन्न किया. जानकारी के अनुसार, 14 जून को आरडी टाटा गोलचक्कर के समीप एक पार्सल पिकअप वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला खुशबू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे कई घंटों तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।



CCTV और वायरल वीडियो खंगाल रही पुलिस…..
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोलमुरी थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और वीडियो के आधार पर सड़क जाम तथा हंगामे में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। पहचान होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त बल पहुंचने के बाद सामान्य हुई स्थिति…..
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद धीरे-धीरे सड़क से जाम हटाया गया और यातायात को सामान्य कराया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के विश्लेषण के बाद कई लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



