(लोकतंत्र सवेरा) जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के चर्चित मोहम्मद आफताब आलम हत्याकांड की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले में महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर घटना से पूर्व रेकी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी भी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर पूरे आपराधिक नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। वहीं फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

महिला समेत दो आरोपित गिरफ्तार…..
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ललित कुमार मीणा ने मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद समद और कुलसुम बीबी के रूप में हुई है। दोनों को कैरेज कॉलोनी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। कुलसुम बीबी मुख्य आरोपित शाहरुख की पत्नी है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर पुलिस अन्य आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
रेकी में इस्तेमाल स्कूटी बरामद…..
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर घटना से पहले आफताब आलम की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी बरामद की गई है। जांच एजेंसी का मानना है कि वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगाने का उद्देश्य पहचान छिपाना था। स्कूटी को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
फायरिंग के बाद इलाज के दौरान हुई मौत……
गौरतलब है कि रविवार रात रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप अपराधियों ने मोहम्मद आफताब आलम पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। गंभीर रूप से घायल आफताब को पहले टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया। मंगलवार तड़के इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसआईटी कर रही है बहुआयामी जांच……
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) एवं सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर लगातार जांच में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास……
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मोहम्मद समद का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बर्मामाइंस थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव थाना में दर्ज डकैती के एक पुराने मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
परिजनों का प्रदर्शन, सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग……
आफताब आलम की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। मंगलवार को बड़ी संख्या में लोगों ने बर्मामाइंस थाना के बाहर प्रदर्शन करते हुए सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा आरोपितों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि सभी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
13 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद……
पुलिस घटनास्थल से पहले ही 13 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद कर चुकी है। मृतक की पत्नी के बयान पर 11 नामजद सहित कई अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपितों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
