जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम साइबर अपराध थाना पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी APK फाइल के जरिए लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा करीब 30 लाख रुपये की साइबर ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस को आशंका है कि ठगी की वास्तविक रकम इससे भी अधिक हो सकती है।

यह कार्रवाई नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के प्रतिबिंब (Pratibimb) पोर्टल से प्राप्त तकनीकी इनपुट के आधार पर की गई। उड़ीसा निवासी भगीरथी मोहंती द्वारा 99,017 रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। तकनीकी जांच में ठगी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर 7439821191 की लोकेशन मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर-4 में मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह का भंडाफोड़ किया. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए संजय कुमार सिंह (देवघर), राहुल कुमार रवानी (जामताड़ा), सुनिल कुमार झा (देवघर) और राहुल कुमार ठाकुर (सरायकेला-खरसावां) को गिरफ्तार कर लिया।
बैंक अधिकारी बनकर भेजते थे फर्जी APK फाइल……
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे विशेष रूप से उड़ीसा के बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक और एक्सिस बैंक के खाताधारकों को निशाना बनाते थे। आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर फोन करते और खाते के बंद होने का डर दिखाकर व्हाट्सएप पर फर्जी APK फाइल भेजते थे. जैसे ही पीड़ित उस APK फाइल को अपने मोबाइल में इंस्टॉल करता, आरोपियों को मोबाइल का पूरा एक्सेस मिल जाता था। इसके बाद वे बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से रकम उड़ा लेते थे।
मोबाइल, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद…..
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त 09 मोबाइल फोन, 07 सिम कार्ड तथा पंजाब नेशनल बैंक का 01 एटीएम कार्ड बरामद किया है।
पहले भी दर्ज है साइबर ठगी का मामला…..
गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार रवानी के विरुद्ध पूर्व में भी साइबर अपराध थाना, जामताड़ा में कांड संख्या 55/2024 दर्ज है, जिससे उसके साइबर अपराधों में पहले से संलिप्त रहने की पुष्टि हुई है।
पूरे नेटवर्क की खंगाल रही पुलिस……
इस कार्रवाई का नेतृत्व साइबर अपराध थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक श्री निवास कुमार ने किया। टीम में पु.नि. कुणाल राजा, आरक्षी निर्मल कुमार महतो, विष्णु चरण महतो, किरुम कोंगाडी तथा मानगो थाना की गश्ती टीम शामिल रही। मामले के अनुसंधानकर्ता पु.नि. अमित अभिषेक हैं. पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल उपकरणों का तकनीकी विश्लेषण कर गिरोह के पूरे नेटवर्क, अन्य आरोपियों और संभावित पीड़ितों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस की अपील……
साइबर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल या संदिग्ध लिंक को डाउनलोड अथवा इंस्टॉल न करें। साथ ही किसी भी परिस्थिति में अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी फोन या सोशल मीडिया के माध्यम से साझा न करें।

