चाईबासा : गुवा थाना क्षेत्र से रविवार को लापता हुए 13 वर्षीय छात्र पवन कुमार पान का शव मंगलवार को तीन दिन बाद नुईया गांव के पास कारो नदी से बरामद किया गया। लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर थी, जिससे खोजबीन अभियान में काफी परेशानी हुई। मंगलवार को नदी के बीच एक चट्टान के पास शव फंसा मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की मौजूदगी में रेस्क्यू कर शव को नदी से बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने सोमवार से ही कारो नदी और आसपास के इलाकों में छात्र की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार को खोजबीन के दौरान नदी के बीच चट्टान के पास पवन का शव दिखाई दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ट्यूशन जाने की बात कहकर निकला था घर से……
पवन कुमार पान गुवा स्थित डीएवी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। वह फैब्रिकेशन निवासी साकेत पान का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब तीन बजे पवन ट्यूशन जाने की बात कहकर स्कूल बैग लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह भट्टीसाई क्षेत्र में अपने दो दोस्तों के साथ खेलने लगा।
बताया जाता है कि खेलते समय पवन ने अपने दोनों दोस्तों से नदी की ओर चलने को कहा, लेकिन दोनों ने जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पवन अकेले ही नदी की ओर चला गया। नदी के किनारे पहुंचने के बाद उसने पैंट और चप्पल उतार दिए। दोस्तों ने उसे वापस लौटने के लिए कहा, लेकिन वह उनके साथ नहीं आया. कुछ देर बाद दोनों दोस्त वहां से लौटने लगे। पीछे मुड़कर देखने पर पवन दिखाई नहीं दिया। इसके बाद दोनों ने बस्ती पहुंचकर स्थानीय लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी।
दो दिन की तलाश के बाद मिला शव…..
पवन के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने नदी तथा आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। सोमवार और मंगलवार को लगातार खोज अभियान चलाया गया। मंगलवार को कारो नदी के बीच एक चट्टान के पास छात्र का शव फंसा हुआ मिला. शव बरामद होने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उफनती नदियों से दूर रहने की अपील……
लगातार बारिश के कारण कारो नदी समेत क्षेत्र की अन्य नदियां उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने और उफनती नदियों में नहाने, मछली पकड़ने या किसी अन्य कारण से नदी के पास नहीं जाने की अपील की है।



























































