जमशेदपुर : लगातार बारिश से कोल्हान के डैम और नदियां लबालब हैं। रविवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन युवक पानी में डूब गए। 24 घंटे बाद भी तीनों का सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सोमवार सुबह से दोबारा रेस्क्यू अभियान चला रही है. सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया स्थित आसंगी चेकडैम में नहाने के दौरान मिरुडीह निवासी शुभम शर्मा और बनतानगर निवासी सोनू लोहार गहरे पानी में डूब गए।

दोनों की तलाश में एनडीआरएफ की टीम जुटी है. वहीं, पूर्वी सिंहभूम के पोटका स्थित पहाड़भांगा नदी में टेल्को निवासी राजू सिंह दोस्तों के साथ नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया। स्थानीय गोताखोर उसकी तलाश कर रहे हैं। अंधेरा होने के कारण रविवार को रेस्क्यू रोक दिया गया था, जिसे सोमवार सुबह फिर शुरू किया गया।