कोडरमा : जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सात वर्षीय मासूम आर्यन यादव का शव गांव के एक कुएं से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं. मिली जानकारी के अनुसार, आर्यन यादव मंगलवार रात अपनी मां के साथ घर में सो रहा था। देर रात वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में उसका शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे की मां और उसके फूफा को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया घटना में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ग्रामीणों ने परिजनों की भूमिका पर संदेह जताया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

