अगस्त में डायल-112 पर मिली 1,746 शिकायतें, सभी का हुआ निपटारा, 17 FIR और 2 UD कांड दर्ज
जमशेदपुर : शहर में आपात स्थिति के दौरान त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालित डायल-112 सेवा लगातार प्रभावी साबित हो रही है। अगस्त माह में डायल-112 के माध्यम से जमशेदपुर पुलिस को कुल 1,746 शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस ने इन सभी शिकायतों का निपटारा किया। शिकायत मिलने से लेकर पुलिस टीम के घटनास्थल तक पहुंचने का औसत समय 8 मिनट 42 सेकेंड रहा। इस दौरान प्राप्त शिकायतों के आधार पर 17 प्राथमिकी (FIR) और 2 UD कांड भी दर्ज किए गए।

आपात स्थिति में एक कॉल, तत्काल पुलिस की मदद…….
वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. एहतेशाम वकारिब की निगरानी में जिले की इमरजेंसी रिस्पांस व्यवस्था को और तेज एवं प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। सड़क दुर्घटना, आपराधिक घटना, घरेलू विवाद, महिलाओं से संबंधित शिकायत अथवा किसी भी तरह की आपात स्थिति में नागरिक 112 डायल कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते हैं. 112 पर सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया जाता है। पुलिस का प्रयास है कि सूचना मिलने से लेकर मौके पर पहुंचने और आवश्यक कार्रवाई करने तक का समय न्यूनतम रखा जाए।
कॉल रिसीव करने से लेकर कार्रवाई तक निगरानी……
जमशेदपुर पुलिस डायल-112 सेवा की पूरी प्रक्रिया की लगातार समीक्षा कर रही है। शिकायत प्राप्त होने, पुलिस टीम के घटनास्थल पर रवाना होने, मौके पर पहुंचने और शिकायत के निपटारे तक हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है. पुलिस का फोकस सिर्फ कॉल रिसीव करने तक सीमित नहीं है, बल्कि घटनास्थल पर त्वरित कार्रवाई और शिकायत के प्रभावी निपटारे पर भी है। इसी का परिणाम है कि अगस्त में प्राप्त सभी 1,746 शिकायतों का निपटारा किया गया।
आंकड़े बता रहे पुलिस की तत्परता……
1,746 — डायल-112 पर प्राप्त शिकायतें
100 प्रतिशत — शिकायतों का निपटारा
8 मिनट 42 सेकेंड — औसत रिस्पॉन्स टाइम
17 — FIR दर्ज
2 — UD कांड दर्ज
रिस्पॉन्स टाइम और कम करने पर जोर……
जमशेदपुर पुलिस के अनुसार, अगस्त के आंकड़े आपात परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित पहुंच को दर्शाते हैं। आने वाले दिनों में रिस्पॉन्स टाइम को और कम करने तथा इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. पुलिस की अपील है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं। तत्काल 112 डायल करें—जमशेदपुर पुलिस सहायता के लिए तत्पर है।
