बालासोर : ओडिशा के बालासोर जिले के भोगराई इलाके में बदापाही गांव के पास जंगल से पांच युवा ओरंगुटान मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सभी पांचों को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने संरक्षण में ले लिया. ओरंगुटान भारत के प्राकृतिक जंगलों में नहीं पाए जाते। इनका प्राकृतिक आवास इंडोनेशिया और मलेशिया के वर्षावन हैं। ऐसे में एक साथ पांच ओरंगुटान का करीब 4,000 किलोमीटर दूर बालासोर के जंगल में मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।

तस्करी के एंगल से भी जांच…..
वन विभाग इस मामले की वन्यजीव तस्करी समेत कई पहलुओं से जांच कर रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि ओरंगुटान भारत कैसे पहुंचे और उन्हें जंगल में किसने छोड़ा। हालांकि, फिलहाल तस्करी की पुष्टि नहीं हुई है. रेस्क्यू किए गए पांचों ओरंगुटान की स्वास्थ्य जांच की गई है। उन्हें सुरक्षित रखने के लिए भुवनेश्वर के नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क भेजने की तैयारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही इनके भारत पहुंचने की पूरी कड़ी सामने आएगी।
