देवघर : पवित्र सावन माह में झारखंड के विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर के बाहर तक नजर आईं। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा देवघर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. देश के विभिन्न राज्यों से कांवर लेकर पहुंचे श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े होकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन ने अर्घा प्रणाली के माध्यम से जलार्पण की व्यवस्था की है, जिससे दर्शन और पूजा की प्रक्रिया को अधिक सुचारु बनाया जा सके।

श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम तथा सहायता केंद्रों की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनुशासन बनाए रखें और सुरक्षित तरीके से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक करें। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच देवघर में श्रावणी मेले की रौनक चरम पर है।
