सरायकेला-खरसावां : जिले की आदित्यपुर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नौकरी का झांसा देकर युवाओं को साइबर ठगी के नेटवर्क में शामिल करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न होटलों में छापेमारी कर कुल 40 युवकों को सकुशल रेस्क्यू किया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से दर्जनों युवाओं को साइबर अपराध की दुनिया में धकेले जाने से बचा लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि युवकों को अधिक वेतन और आकर्षक नौकरी का लालच देकर होटल में ठहराया गया था। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी से जुड़े कार्यों में लगाने की तैयारी चल रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा मामले से जुड़े संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस वार्ता में कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल गिरफ्तारी करना नहीं, बल्कि युवाओं को अपराध की राह पर जाने से रोकना भी है। उन्होंने कहा कि यदि इन युवकों को जेल भेज दिया जाता तो उनका भविष्य अंधकारमय हो सकता था। इसलिए पहले उनकी काउंसलिंग कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का निर्णय लिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “जेल भेजने से बेहतर था युवाओं का भविष्य बचाना।”
एसपी ने बताया कि सभी युवकों की पहचान एवं सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह के तार किन राज्यों और किन लोगों से जुड़े हैं। पुलिस साइबर गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या एजेंसी द्वारा दिए जाने वाले नौकरी के प्रस्ताव पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को सूचित करें। साइबर अपराध के विरुद्ध जिले में विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
