बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. ललपनिया-गोमिया मुख्य मार्ग स्थित ढेढ़ें गांव में एक युवती अपने प्रेमी से मिलने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती की इस हरकत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, युवती ललपनिया थाना क्षेत्र के तिलैया गांव की रहने वाली है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती अचानक एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और ऊपर से घोषणा करने लगी कि जब तक उसका प्रेमी मौके पर नहीं पहुंचेगा और वह उसका चेहरा नहीं देख लेगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी. युवती की इस जिद ने स्थानीय लोगों को भी हैरत में डाल दिया। देखते ही देखते घटना की सूचना पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कई लोग घटना का वीडियो बनाने लगे, जबकि कुछ लोग युवती को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास करते रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने युवती को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। आसपास मौजूद ग्रामीण महिलाओं ने भी उसे बार-बार नीचे आने की अपील की, मगर युवती किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अक्सर फिल्मों या अन्य राज्यों में देखने को मिलती हैं, लेकिन बोकारो जिले में पहली बार ऐसा दृश्य देखने को मिला है। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस युवती की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उसे शांतिपूर्वक नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है। वहीं प्रशासन युवती के कथित प्रेमी से संपर्क साधने का भी प्रयास कर रहा है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचते हुए मामले का समाधान निकाला जा सके।

