जमशेदपुर : बिष्टुपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में घाघीडीह केंद्रीय कारागार में बंद भाजपा नेता एवं डीडी बार के संचालक नीरज सिंह को फिलहाल राहत नहीं मिली है। उनकी जमानत याचिका पर बुधवार को एडीजे-2 की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले की केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश पुलिस को दिया। इसके साथ ही मामले की अगली सुनवाई के लिए 12 अगस्त की तिथि निर्धारित की गई है. बताया जाता है कि इससे पूर्व नीरज सिंह की जमानत याचिका सेशन कोर्ट द्वारा भी खारिज की जा चुकी है। अब मामले की सुनवाई एडीजे-2 की अदालत में जारी है।

गौरतलब है कि 4 जुलाई को बिष्टुपुर थाना पुलिस ने नीरज सिंह को राजस्थान के खाटूश्यामधाम से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाई थी। चार दिनों की रिमांड समाप्त होने के बाद 8 जुलाई को अदालत में पेश कर उन्हें न्यायिक हिरासत में घाघीडीह जेल भेज दिया गया था।
उल्लेखनीय है कि 26 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए विवाद के बाद आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह एवं उनके साथी प्रत्यूष सिंह पर चापड़ समेत अन्य धारदार हथियारों से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में मौत हो गई थी, जबकि प्रत्यूष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। करीब एक माह तक कोलकाता में इलाज कराने के बाद प्रत्यूष हाल ही में रांची लौटे हैं. इस मामले में मृतक हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह के बयान पर बिष्टुपुर थाना में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच जारी है।
