सुपौल : बिहार के सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसरमा पंचायत के वार्ड संख्या-8 में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सात वर्षीय मासूम प्रीति कुमारी की कथित रूप से कुदाल से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मासूम प्रीति अपने पिता शंभू शाह के पीछे-पीछे दूध की बोतल लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव निवासी राजू शाह ने कथित तौर पर अचानक कुदाल से उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया और उसमें आग लगा दी। हालात तनावपूर्ण होते देख कई थानों की पुलिस, वरीय अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित निकालकर गिरफ्तार कर लिया।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए तथा हत्या में प्रयुक्त कुदाल को बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश, मानसिक स्थिति सहित सभी संभावित पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मासूम की दर्दनाक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। परिजनों ने आरोपी के विरुद्ध कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

