जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चालुनिया पंचायत के बेंकुंडपुर बालालोपा टोला में झाड़-फूंक और अंधविश्वास के नाम पर एक नाबालिग किशोरी के साथ अमानवीय कृत्य का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ओझा रॉयल हेंब्रम उर्फ नारान हेंब्रम (31) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी पर वशीकरण से मुक्ति और शरीर से कथित विष निकालने के बहाने नाबालिग को निर्वस्त्र कर उसके शरीर पर कई जगह दांतों से काटने का आरोप है. मामले की जानकारी सामने आने और समाचार प्रकाशित होने के बाद चाकुलिया पुलिस हरकत में आई। छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से झाड़-फूंक में प्रयुक्त होने वाली सामग्री, जिसमें माला, बेंत, मालदु और सिंदूर शामिल हैं, बरामद कर जब्त कर ली गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

ऐसे हुई घटना……
पुलिस के अनुसार, सरडीहा पंचायत के दक्षिणशोल गांव निवासी युवक विमल मुर्मू का एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी से प्रेम संबंध था। परिजनों को संदेह हुआ कि लड़के पक्ष ने जादू-टोना कर उनकी बेटी को अपने वश में कर लिया है। इसी भ्रम में वे उसे लेकर बेंकुंडपुर निवासी ओझा रॉयल हेंब्रम के पास पहुंचे. आरोप है कि ओझा ने परिजनों को विश्वास दिलाया कि किशोरी के शरीर में “विष” प्रवेश कर गया है और उसे निकालना जरूरी है। इसके बाद उसने एक कमरे में किशोरी की मां, बहन और मामा की मौजूदगी में उसे निर्वस्त्र कराया और कथित उपचार के नाम पर उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर दांतों से काटा।
प्रेमी को दी जानकारी, फिर दोनों हुए फरार……
बताया जाता है कि पीड़िता ने मोबाइल फोन के माध्यम से अपने प्रेमी विमल मुर्मू को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद विमल उसे अपने साथ लेकर वहां से चला गया। बाद में पुलिस ने विमल को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अंधविश्वास के खिलाफ पुलिस की सख्ती…..
पुलिस का कहना है कि अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर किसी भी प्रकार की अमानवीय या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
