जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत डीबी रोड पर गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। सुबह करीब 5:20 बजे हुए इस हादसे में एक ठेला चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार (संख्या जेएच-05 ईपी-9444) तेज गति से आ रही थी। सबसे पहले उसने टीवीएस एक्सएल से घर लौट रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस लौट रहा था। इसके बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे ठेले पर सो रहे एक ठेला चालक और वहां से गुजर रहे दो अन्य राहगीरों को भी अपनी चपेट में लेती हुई आगे बढ़ गई।

हादसे के बाद कार में सवार सभी युवक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार किसी स्थानीय व्यक्ति की बताई जा रही है। लोगों का दावा है कि कार की तलाशी के दौरान उसमें शराब की कई बोतलें तथा एक कटोरे में रखा मुर्गा मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कार सवार युवक किसी पार्टी से लौट रहे थे। हालांकि, पुलिस ने शराब या पार्टी से जुड़े इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक एवं अन्य सवारों की पहचान की जा सके. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लापरवाह वाहन चालकों पर सख्ती नहीं की गई तो भविष्य में भी इस प्रकार की गंभीर दुर्घटनाएं होती रहेंगी।
