जमशेदपुर : शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला शनिवार शाम गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित गोलमुरी सब्जी बाजार में सामने आया। रंगदारी की मांग को लेकर बदमाशों ने बाजार में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई फायरिंग की आवाज से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों से बाहर निकल आए, जबकि खरीदारी करने पहुंचे लोगों में भी भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए बाजार में भय का माहौल बना रहा. सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं होने की जानकारी मिली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा दुकानदारों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने रंगदारी के उद्देश्य से दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि गोलमुरी सब्जी बाजार में हवाई फायरिंग की घटना हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

