जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा गोलचक्कर के समीप गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और जुस्को की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर अवैध रूप से संचालित छह दुकानों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही और कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल भी बना रहा।



2024 में दायर याचिका पर कोर्ट ने दिया था आदेश……
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भालूबासा गोलचक्कर निवासी अजय नाथ ने वर्ष 2024 में अपने आवास के सामने सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को लेकर अदालत में याचिका दायर की थी। याचिका में उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकारी जमीन पर संचालित अवैध दुकानों के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने याचिकाकर्ता के पक्ष में फैसला सुनाते हुए अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया था।
विरोध के बीच प्रशासन ने जारी रखी कार्रवाई…..
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में गुरुवार को जेएनएसी एवं जुस्को की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी मशीन के माध्यम से एक-एक कर छह अवैध दुकानों को हटाया गया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए अभियान को जारी रखा. जिन लोगों की दुकानें हटाई गईं, उनमें आशीष कुमार सोनकर, हरे कृष्णा पुथल, मनोज कुमार, संजय कुमार, शीतल तथा आरती शामिल हैं।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं……
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेश के अनुरूप की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी प्रकार का अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके।



